वेतन के एक लाख रुपये लेकर घर लौट रहे शिक्षक से बैग झपटा, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
Rakesh Kumar
1870

बेलागंज थाना क्षेत्र में डोभी-पटना मुख्य सड़क मार्ग स्थित काली मंदिर मोड़ के समीप बुधवार की शाम बाइक सवार दो बदमाशों ने दुस्साहसिक झपटमारी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने टेंपो से घर लौट रहे एक शिक्षक के हाथ से रुपयों से भरा बैग झपट लिया और तेज रफ्तार बाइक से गया की ओर फरार हो गए। बैग में एक लाख रुपये नकद के अलावा सरकारी पहचान पत्र और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज थे।


पांच माह बाद मिला था वेतन, बैंक से निकाले थे एक लाख रुपये


पीड़ित शिक्षक निरंजन कुमार बेलागंज के कृष्णा कॉलोनी के रहने वाले हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि करीब पांच माह के लंबे अंतराल के बाद उन्हें बकाया वेतन मिला था। घरेलू खर्च और देनदारियों का भुगतान करने के लिए उन्होंने जहानाबाद स्थित अपने बैंक खाते से एक लाख रुपये निकाले थे। बैंक से राशि निकालने के बाद ट्रेन से बेला स्टेशन पहुंचे और वहां से टेंपो पर सवार होकर घर लौट रहे थे।


पीछे से आए बदमाशों ने झपट लिया बैग


बताया गया कि टेंपो काली मंदिर मोड़ के समीप पहुंचा, तभी पीछे से एक बाइक पर सवार दो बदमाश तेजी से पहुंचे। बाइक सवार अपराधियों ने झपट्टा मारकर शिक्षक की गोद में रखा बैग छीन लिया। जब तक शिक्षक और टेंपो में सवार अन्य लोग कुछ समझ पाते और शोर मचाते, तब तक बदमाश बाइक को तेज गति से भगाते हुए गया की ओर फरार हो चुके थे।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस


घटना की सूचना मिलते ही बेलागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। बेलागंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार द्विवेदी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शिक्षक के बयान पर मामला दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बदमाशों की पहचान के लिए घटनास्थल से लेकर उनके भागने की दिशा में मुख्य सड़क और आसपास के दुकानों व प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।


Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH