बिहार में चुनावी साल में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, गया के डीएम बने शशांक शुभंकर, पटना की कमान संभालेंगे डॉ. त्यागराजन
Rakesh Kumar
3529

पटना/गयाजी : चुनावी साल में बिहार सरकार ने बड़ा प्रशासनिक उलटफेर करते हुए 17 जिलों के डीएम सहित कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस फेरबदल में सबसे महत्वपूर्ण बदलाव गया और पटना जिलों में देखने को मिला है। गया के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम को पटना का नया डीएम नियुक्त किया गया है, जबकि पटना के डीएम डॉ. चंद्रशेखर अब पटना मंडल के नए कमिश्नर बनाए गए हैं।

गया जिले की ज़िम्मेदारी अब आईएएस टॉपर शशांक शुभंकर को सौंपी गई है, जो इससे पहले नालंदा के जिलाधिकारी थे। 2014 बैच के बिहार कैडर के अधिकारी शशांक शुभंकर की छवि एक कुशल और नवोन्मेषी प्रशासक के रूप में रही है। उन्होंने अपने कार्यकाल में प्रशासनिक उत्कृष्टता के कई आयाम स्थापित किए हैं।

पीएम एक्सीलेंस अवार्ड से नवाजे जा चुके हैं शशांक शुभंकर

नालंदा के डीएम रहते हुए शशांक शुभंकर को वर्ष 2023 में प्रधानमंत्री प्रशासनिक उत्कृष्टता पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। यह पुरस्कार उन्हें जिलों के समग्र विकास श्रेणी में दिए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया था। 17वें सिविल सेवा दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें विज्ञान भवन, नई दिल्ली में सम्मानित किया था।

उनके नेतृत्व में नालंदा जिले ने शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, डिजिटलीकरण, महिला सशक्तिकरण और पोषण के क्षेत्रों में व्यापक सुधार किए। विशेष रूप से बच्चों और महिलाओं के पोषण के लिए चलाई गई योजनाएं, कृषि में नवाचार के प्रयोग और गांवों में बुनियादी ढांचे के विकास पर उनके प्रयासों की राज्य स्तर पर प्रशंसा हुई।

परिवारिक पृष्ठभूमि भी प्रशासनिक

शशांक शुभंकर मूल रूप से झारखंड के निवासी हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा रांची के डीएवी स्कूल से हुई और उन्होंने बीआईटी वेल्लोर से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में गोल्ड मेडल हासिल किया। वे आरा में डीडीसी और समस्तीपुर में डीएम रह चुके हैं। शशांक शुभंकर प्रशासनिक परिवार से आते हैं — उनके दादा और पिता भी प्रशासनिक सेवा में रहे हैं। उनकी पत्नी उदिता सिंह भी आईएएस हैं और वर्तमान में रोहतास की जिलाधिकारी हैं। दोनों अधिकारियों की गिनती राज्य के सबसे मेहनती और प्रेरक दंपतियों में की जाती है।

मुख्यमंत्री ने की थी प्रशंसा

कुछ महीने पूर्व राजगीर में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शशांक शुभंकर और गया के तत्कालीन डीएम डॉ. त्यागराजन की खुले मंच से प्रशंसा की थी। तभी से इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि डॉ. त्यागराजन को राजधानी पटना की ज़िम्मेदारी सौंपी जा सकती है और गया की कमान शशांक शुभंकर को मिल सकती है, जो अब सच साबित हुआ।

फेरबदल की पूरी सूची

बिहार सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार जिन 17 आईएएस अधिकारियों का तबादला हुआ है, उनकी सूची इस प्रकार है:

डॉ. त्यागराजन एसएम – डीएम पटना

डॉ. चंद्रशेखर – कमिश्नर, पटना

शशांक शुभंकर – डीएम गया

कुंदन कुमार – डीएम नालंदा

विद्यानंद सिंह – डीएम बक्सर

नवीन कुमार – डीएम खगड़िया

श्री नवीन – डीएम जमुई

कौशल कुमार – डीएम दरभंगा

धर्मेंद्र कुमार – डीएम पश्चिमी चंपारण

आनंद शर्मा – डीएम मधुबनी

नवदीप शुक्ला – डीएम बांका

पवन कुमार सिंह – डीएम गोपालगंज

सुनील कुमार – डीएम कैमूर

आदित्य प्रकाश – डीएम सिवान

वर्षा सिंह – डीएम वैशाली

अंशुल कुमार – डीएम पूर्णिया

अरविंद कुमार वर्मा – डीएम मुंगेर


यह प्रशासनिक फेरबदल ऐसे समय में हुआ है जब बिहार आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटा है। नई तैनातियों से शासन व्यवस्था को गति देने और विकास कार्यों में तेजी लाने की उम्मीद जताई जा रही है।

(रिपोर्ट :राकेश कुमत / गया जी, बिहार )

Advertisment

9431256550 Call For
Advertisment
Weather

GAYA
Powered By NETMAT INFOTECH